समाचार

स्मार्ट कवर्धा की ओर अहम कदम: उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया ₹2.27 करोड़ के अत्याधुनिक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का भूमिपूजन

कवर्धा। कवर्धा शहर के शहरी विकास को नई गति देते हुए आज गुरूनानक चौक स्थित पुराने नगर पालिका कार्यालय परिसर में बनने वाले अत्याधुनिक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का भूमिपूजन छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा द्वारा विधिपूर्वक संपन्न हुआ। इस बहुप्रतीक्षित परियोजना पर ₹2.27 करोड़ की लागत से कार्य प्रारंभ होगा। कॉम्प्लेक्स में पार्किंग, आधुनिक शॉपिंग यूनिट्स सहित सभी जरूरी सुविधाएं होंगी, जिससे शहर के व्यवसायिक और भौतिक स्वरूप में व्यापक सुधार होगा।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने इस अवसर पर नागरिकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “यह केवल एक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स नहीं, बल्कि रोजगार, व्यापार और विकास का केंद्र होगा। इससे न केवल व्यवसायिक गतिविधियों को बल मिलेगा, बल्कि स्थानीय युवाओं को रोजगार भी मिलेगा। हमारी सरकार का लक्ष्य है कि विकास कार्य सिर्फ कागजों तक न सिमटे, बल्कि धरातल पर साकार हों।”

इस भूमिपूजन कार्यक्रम में सांसद संतोष पांडेय, कृषक कल्याण परिषद के अध्यक्ष सुरेश चंद्रवंशी, पूर्व विधायक डॉ. सियाराम साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की उपस्थिति रही।

शहर के सौंदर्यीकरण और आधारभूत विकास को नई दिशा
नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने जानकारी दी कि यह शॉपिंग कॉम्प्लेक्स वर्षों से खाली पड़ी भूमि पर बनेगा, जहां निचली मंजिल में पार्किंग की सुविधा होगी और ऊपरी मंजिलों पर आधुनिक शॉपिंग यूनिट्स तैयार की जाएंगी। उन्होंने कहा इससे न केवल पार्किंग की समस्या का समाधान होगा, बल्कि नगर के सौंदर्यीकरण को भी नई दिशा मिलेगी।

स्मार्ट कवर्धा की ओर अहम कदम: उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया ₹2.27 करोड़ के अत्याधुनिक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का भूमिपूजन

ग्रामीण विकास में भी दिखा उपमुख्यमंत्री का समर्पण
इसी कड़ी में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कवर्धा विधानसभा के ग्राम पोड़ी और खड़ोदा कला में 10-10 लाख की लागत से बनने वाले सामुदायिक भवनों का भी भूमिपूजन किया। खास बात यह रही कि तेज बारिश के बावजूद कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिससे स्पष्ट हुआ कि जनसेवा और विकास के लिए उपमुख्यमंत्री का संकल्प कितना मजबूत है।

श्री शर्मा ने कहा, “हम घोषणाएं नहीं करते, हम कार्य करते हैं। यह सामुदायिक भवन ग्रामवासियों के सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए उपयोगी होंगे और गांव की एकजुटता को भी मजबूती देंगे।”

एक सप्ताह में एक करोड़ से अधिक के विकास कार्य
पिछले एक सप्ताह में ही कवर्धा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों में एक करोड़ रुपए से अधिक लागत के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण हो चुका है। यह इस बात का संकेत है कि विकास कार्य योजनाबद्ध ढंग से निरंतर गति पकड़ रहे हैं।

स्मार्ट सिटी की ओर अग्रसर कवर्धा
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि कवर्धा में मेडिकल कॉलेज, गौरवपथ, चौपाटी, पाइपलाइन विस्तार जैसे कई बड़े कार्य प्रगति पर हैं। भोरमदेव मंदिर क्षेत्र के उन्नयन के लिए 146 करोड़ की परियोजना को मंजूरी मिल चुकी है, जिससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

जनभागीदारी से ही सफल होंगे विकास कार्य
श्री शर्मा ने कहा कि सफाई व्यवस्था में सुधार हेतु नगरवासियों की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। दुकानदारों को डस्टबिन का उपयोग करना चाहिए और नागरिकों को सफाई व्यवस्था में सहयोग देना चाहिए। उन्होंने स्वच्छता कर्मियों के लिए सुविधाओं की घोषणा करते हुए ‘हरितिमा’ जैसे संगठनों की भूमिका की सराहना की।

नागरिकों ने जताया आभार
नगरवासियों ने उपमुख्यमंत्री और नगर पालिका प्रशासन को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह शॉपिंग कॉम्प्लेक्स कवर्धा की आर्थिक समृद्धि में मील का पत्थर साबित होगा। इस परियोजना से नगर को आधुनिकता, सौंदर्य और सुविधा तीनों में उन्नति प्राप्त होगी।

Rishabh Das Mahant

Editor, RD India News

Related Articles

Back to top button