समाचार

कवर्धा में मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बुलेट जब्त, नाबालिग चला रहा था वाहन, कोर्ट ने लगाया ₹15,500 जुर्माना

कवर्धा। जिले में ध्वनि प्रदूषण और ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन को लेकर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। 18 अप्रैल को कवर्धा शहर में यातायात पुलिस और थाना कवर्धा की संयुक्त कार्रवाई के दौरान एक बुलेट मोटरसाइकिल जब्त की गई, जिसे एक नाबालिग चला रहा था। वाहन में मॉडिफाइड साइलेंसर लगा था और नंबर प्लेट भी गायब थी।

पूछताछ में पता चला कि वाहन हरमीत सिंह बग्गा, कवर्धा निवासी का है। पुलिस ने वाहन को तत्काल जब्त कर न्यायालय में प्रस्तुत किया। मामले की सुनवाई 30 अप्रैल को हुई, जिसमें माननीय न्यायालय ने वाहन स्वामी पर ₹15,500 का जुर्माना लगाया। जुर्माना अदा करने के बाद ही वाहन छोड़ा गया।

पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में जिलेभर में इस प्रकार के वाहनों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि अब से ऐसे मामलों में समझाइश नहीं दी जाएगी, बल्कि सीधे न्यायालय में पेशी होगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मॉडिफाइड साइलेंसर, बिना नंबर प्लेट और नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना गंभीर उल्लंघन है, और ऐसे मामलों में जुर्माना, वाहन जब्ती और कोर्ट कार्रवाई की जाएगी।

Rishabh Das Mahant

Editor, RD India News

Related Articles

Back to top button